ऑपरेशन त्रिनेत्र में बड़ी सफलता: 2 क्विंटल डोडाचूरा तस्करी का फरार आरोपी शिवपुरी से गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपासन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अफीम डोडाचूरा की बड़ी खेप की तस्करी में शामिल होने का आरोप है और वह पिछले दो माह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 15 मार्च को गंगरार थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली थी। जांच में बिल्टी के सामान के नीचे छिपाकर रखे गए अवैध अफीम डोडाचूरा से भरे कट्टे बरामद हुए, जिनका कुल वजन करीब 2 क्विंटल 390 ग्राम निकला। कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया था।
उसी प्रकरण में एक अन्य कंटेनर को भी जब्त किया गया था, जिसमें बिहार निवासी चालक अविनाश कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच कपासन थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में जारी थी। फरार चालक कृष्ण कुमार यादव, निवासी उत्तरप्रदेश, की तलाश के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
उदयपुर रेंज में चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन तथा एएसपी मुकुल शर्मा और डीएसपी हरजीलाल यादव की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार यादव को मध्यप्रदेश के शिवपुरी से दस्तयाब कर शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को सात दिन का रिमांड मिला है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन पर दें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके।
Tags
Breaking News