तिलस्वा महादेव घाट पर बड़ा हादसा : शिव शक्ति यात्री बस अनियंत्रित होकर नीचे गिरी, 25 से अधिक के घायल जानकारी

तिलस्वा महादेव घाट में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी यात्री बस, 25 से ज्यादा घायल, यात्रियों में मची चीख-पुकार
डीएस सेवन न्यूज नीमच जिले के सिंगोली क्षेत्र स्थित तिलस्वा महादेव घाट पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिंगोली से भीलवाड़ा मार्ग पर चलने वाली शिव शक्ति यात्री बस घाट के तीखे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस घाट उतर रही थी, तभी मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। देखते ही देखते बस सड़क किनारे नीचे जा गिरी। हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई महिलाओं और बुजुर्गों को गंभीर चोटें आई हैं। कुछ यात्रियों के हाथ, पैर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण, राहगीर और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिंगोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में घाट क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसे के दौरान चालक और परिचालक बस से कूद गए थे, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि करने में जुटी है।


प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि घाट क्षेत्रों में वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post