एसपी धर्मेंद्र सिंह के सख्त निर्देश पर जिलेभर में बड़ी कार्रवाई
बिना नम्बर व काली फिल्म लगे 238 वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्यवाही
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, दिनांक 24 मई/2026। जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार शनिवार शाम जिलेभर में बिना नम्बर प्लेट एवं काली फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा बिना नम्बर के 141 दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों तथा काली फिल्म लगे 97 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा शनिवार शाम जिले के समस्त थानाधिकारियों को बिना नम्बर प्लेट वाले वाहनों एवं काली फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। निर्देशों की पालना में जिलेभर में विशेष नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों की गहन जांच की गई। कार्यवाही के तहत बिना नम्बर प्लेट के संचालित 141 दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। वहीं वाहनों पर अवैध रूप से काली फिल्म लगाए पाए जाने पर 97 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्यवाही अमल में लाई गई।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बिना नम्बर एवं काली फिल्म लगे वाहनों का उपयोग कई बार आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। आमजन की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि बिना नम्बर प्लेट एवं काली फिल्म लगे वाहनों का उपयोग नहीं करें। नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
जिला पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों की पालना करने एवं सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
Tags
Breaking News