पुलिस का बड़ा प्रहार: पंजाब-हरियाणा के 2 तस्कर गिरफ्तार, 60 किलो डोडाचूरा और स्विफ्ट कार जब्त

मंदसौर पुलिस का बड़ा प्रहार: पंजाब-हरियाणा के 2 तस्कर गिरफ्तार, 60 किलो डोडाचूरा और स्विफ्ट कार जब्त
डीएस सेवन न्यूज शामगढ़। मंदसौर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब और हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरिल तथा एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना शामगढ़ प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को 8 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पंजाब नंबर की एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में डोडाचूरा लेकर पंजाब की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सकरियाखेड़ी स्थित 8 लाइन अंडरब्रिज के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक PB-01F-7310 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुलविंदर सिंह (45 वर्ष), निवासी काकड़ा, जिला पटियाला (पंजाब) तथा जोगा सिंह (56 वर्ष), निवासी मलिकपुर, जिला कैथल (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए 60 किलोग्राम डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, आरक्षक प्रेम कुमार, धर्मेश बैरागी, विशाल सिंह, हीरालाल एवं मोकम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post