डीएस सेवन न्यूज रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माननखेड़ा पुलिस चौकी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद और माननखेड़ा चौकी की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की वोक्सवेगन कार में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में डोडाचूरा लेकर मंदसौर की ओर से जावरा जा रहे हैं। सूचना के आधार पर माननखेड़ा चौकी के सामने फोरलेन मार्ग पर घेराबंदी की गई। संदिग्ध कार को रोककर एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी ली गई, जिसमें कार के अंदर रखे बोरों से 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी सुनील मालवीय और इलियास खान उर्फ गुड्डु को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 2 लाख रुपए तथा कार की कीमत लगभग 5 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी राजेश मालवीय सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Breaking News