लखनऊ में परीक्षा देने निकली दो युवतियों के
साथ दरिंदगी की कोशिश करने वाले ऑटो चालक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पहले दोनों युवतियों को चारबाग बस अड्डे से ऑटो में बैठाया और फिर उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने मारपीट की और दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान हसीब के रूप में हुई है, जो हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के मिर्जानपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह लखनऊ के पारा इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि 7 जून यानी रविवार सुबह दोनों युवतियां परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान चारबाग बस अड्डे के पास आरोपी ने उन्हें आलमबाग छोड़ने के बहाने अपने ऑटो में बैठा लिया।
आरोप है कि रास्ते में वह ऑटो को पारा थाना क्षेत्र के रामलीला ग्राउंड के पास सुनीसान जगह पर ले गया और वहां दोनों युवतियों के साथ जबरदस्ती करने लगा। जब युवतियों ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। किसी तरह पीड़िता पुलिस तक पहुंची और घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई।
Tags
Breaking News