आधी रात को पुलिस चौकी बनी छावनी! 400 से 500 ग्रामीणों ने घेरा, लाइन हाजिर आरक्षक की दबंगई पड़ी भारी
डीएस सेवन न्यूज नीमच/रतनगढ़। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र स्थित जाट गांव में सोमवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक लाइन हाजिर आरक्षक और ग्रामीणों के बीच विवाद के बाद सैकड़ों लोग जाट पुलिस चौकी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि करीब 400 से 500 ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर दिया, जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, जाट गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान आरक्षक जसवंत वहां पहुंचा। जसवंत पहले जाट चौकी पर पदस्थ था, लेकिन बाद में उसे लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन भेज दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि टूर्नामेंट के दौरान आरक्षक ने एक स्थानीय युवक को धमकाया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ बढ़ गई और ग्रामीण आरक्षक को लेकर जाट चौकी पहुंच गए। इसके बाद चौकी के बाहर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और हंगामा शुरू हो गया।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान आरक्षक जसवंत के साथ मारपीट की भी सूचना सामने आई है। रात करीब 10 बजे चौकी पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को हालात संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनगढ़ थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरक्षक जसवंत ने ग्रामीणों के सामने माफी मांगी, जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ रतनगढ़ थाने ले गई।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक के परिजन और ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग कर सकते हैं।
Tags
Breaking News