डीएस सेवन न्यूज फतेहाबाद। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए रतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 7 किलो 100 ग्राम डोडा चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहाबाद के बिघड़ रोड निवासी गोपाल दास रतिया-फतेहाबाद रोड स्थित ढाणी खानपुर मोड़ के पास डोडा चूरा पोस्त लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गोपाल दास पुत्र प्रमानंद निवासी बिघड़ रोड, फतेहाबाद के रूप में हुई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 किलो 100 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 247, दिनांक 06 जून 2026 के तहत धारा 15बी, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है तथा मादक पदार्थ की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Tags
Breaking News