उमंग-VII अभियान में भादसौड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: दो बाल श्रमिक मुक्त, होटल संचालक पर केस; 4 टन अवैध लकड़ी सहित चालक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, । जिले में बाल श्रम और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "उमंग-VII" के तहत भादसौड़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक होटल से दो नाबालिग बाल श्रमिकों को मुक्त कराते हुए होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया, वहीं करीब 4 हजार किलो अवैध गीली लकड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार बाल श्रम, बाल बंधुआ मजदूरी एवं मानव तस्करी उन्मूलन अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के सुपरविजन में भादसौड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में एएसआई जीवन सिंह, कांस्टेबल प्रकाशचंद्र एवं वीरेंद्र सिंह की टीम ने थाना क्षेत्र स्थित श्री जी भोजनालय पर जांच की। इस दौरान होटल में कार्यरत दो नाबालिग बच्चों से श्रम कराए जाने की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल मुक्त कराया गया। पुलिस ने होटल संचालक शिवनारायण पारिक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई के दौरान एएसआई अमीचंद, कांस्टेबल लखपत एवं मनसुख की टीम ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की। वाहन में नीम, बबूल और खेजड़ी की करीब 4 हजार किलो गीली लकड़ियां अवैध रूप से परिवहन की जा रही थीं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित लकड़ियां जब्त कर चालक सलमान खां (19) निवासी रामथली, थाना कपासन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान उमंग-VII के तहत बाल श्रम, बाल तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जिलेभर में लगातार सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags
Breaking News