चित्तौड़गढ़ ओछड़ी टोल के पास बायोफ्यूल बिक्री स्थल पर पुलिस-रसद विभाग की संयुक्त जांच, लिए गए सैंपल

ओछड़ी टोल के पास बायोफ्यूल बिक्री स्थल पर पुलिस-रसद विभाग की संयुक्त जांच, लिए गए सैंपल

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 30 सितंबर। जिले में अवैध गतिविधियों और होटलों-ढाबों पर ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध भंडारण व बिक्री की रोकथाम को लेकर पुलिस और जिला रसद विभाग की संयुक्त कार्रवाई सामने आई है। डीएसटी, थाना सदर चित्तौड़गढ़ और जिला रसद विभाग की टीम ने ओछड़ी टोल नाके के पास एक होटल परिसर में संचालित पेट्रोलियम पदार्थ बिक्री स्थल की जांच की।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, वृत्ताधिकारी एवं थाना सदर चित्तौड़गढ़ थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओछड़ी टोल के पास संगम होटल के बाड़े में संचालित पेट्रोलियम पदार्थ के व्यापार स्थल पर ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर डीएसटी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना सदर चित्तौड़गढ़ की पुलिस टीम और जिला रसद विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। यहां पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री के लिए एक डिस्पेंसिंग मशीन लगी मिली, जिस पर डीजल लिखा हुआ था। हालांकि, मौके पर मौजूद व्यक्ति आदित्य गोस्वामी से पूछताछ करने पर मशीन में डीजल नहीं बल्कि बायोफ्यूल होने की जानकारी दी गई।

मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बायोफ्यूल की बिक्री किए जाने की बात बताई और कार्रवाई के दौरान हाईकोर्ट का स्टे भी प्रस्तुत किया।

FSL जांच के लिए लिए गए तीन सैंपल

पेट्रोलियम पदार्थ की वास्तविक प्रकृति की जांच के लिए टीम ने डिस्पेंसिंग मशीन से एक-एक लीटर के तीन सैंपल लिए। इन सैंपलों को एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। जांच के आधार पर ही पदार्थ की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

कार्रवाई के दौरान व्यापार स्थल के मालिक को दस्तावेजों की जांच पूरी होने तक पेट्रोलियम पदार्थों का व्यवसायिक विक्रय नहीं करने के संबंध में हिदायत दी गई।

अवैध बिक्री की सूचना देने की अपील

जिला रसद विभाग और पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि उनके आसपास कहीं भी अवैध गतिविधि अथवा ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थों का अवैध रूप से भंडारण या विक्रय होता दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें।

इसके लिए जिला रसद विभाग के मोबाइल नंबर 9414618282 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 01472-240088 पर सूचना दी जा सकती है।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में जिला रसद विभाग की ओर से DSO हितेश जोशी और प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी शामिल रहे। थाना सदर चित्तौड़गढ़ की टीम में थानाधिकारी प्रेम सिंह, एएसआई हीरालाल, एएसआई मंजीत सिंह और कांस्टेबल मुकेश शामिल रहे।

वहीं जिला विशेष टीम की ओर से एएसआई सूरज कुमार प्रभारी के साथ कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, रामकेश, सुरेश सुंडा और देवेंद्र जगदीश ने कार्रवाई में भाग लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post