DS7NEWS NETWORK
चित्तौड़गढ़ के भदेसर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को उसके पति, सास और ननंद ने लगातार प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया। घटना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि मामले की शिकायत पीड़िता के भाई राजप्रताप सिंह ने की थी। शिकायत के अनुसार, पीड़िता नितु की शादी करीब 10 साल पहले रघुराज सिंह से हुई थी। शादी के बाद नितु के दो बच्चे हुए। शुरुआती 5 साल तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन पिछले 5 सालों से नितु को उसके पति रघुराज सिंह, सास कैलाश कंवर और ननंद राकेश कंवर ने लगातार प्रताड़ित किया। उसे मारपीट करने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी तोड़ने की कोशिश की गई।
राजप्रताप सिंह ने बताया कि उनकी बहन नितु ने कई बार परिवार को अपनी पीड़ा के बारे में बताया था। परिवार ने कई बार आरोपियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हुआ। करीब 3 महीने पहले आरोपियों ने नितु की गंभीर रूप से पिटाई की और उसे आत्महत्या करने के लिए उकसाया। इसके बाद नितु ने अपने भाई को यह बात बताई, जिसके बाद राजप्रताप सिंह ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
14 फरवरी को रघुराज सिंह ने राजप्रताप सिंह को फोन कर बताया कि नितु ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद परिवार ने पुलिस की मौजूदगी में नितु का शव लेकर आया। राजप्रताप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पीड़िता के परिवार और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल का विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपियों के खिलाफ आरोप प्रमाणित होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पति रघुराज सिंह (40), सास कैलाश कंवर (65) और ननंद राकेश कंवर (44) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है
DS7NEWS NETWORK
0 Comments