चित्तौड़गढ़ जिले के बेगू पारसोली में नीलगाय के अवैध शिकार का मामला 95 किलो मांस, बंदूक और मोटरसाइकिलें जब्त, 2 गिरफ्तार

नीलगाय का शिकार कर मांस की तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार
DS7 News Network
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं पारसोली थाना क्षेत्र में वन्यजीव नीलगाय का शिकार कर मांस की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 95 किलोग्राम नीलगाय का मांस, शिकार में प्रयुक्त बंदूक, धारदार छुर्रा, छर्रे और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

पुलिस की नाकाबंदी में धरे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि वन्य जीवों के अवैध शिकार और तस्करी को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह और उप पुलिस अधीक्षक अंजलि सिंह के निर्देशन में पारसोली थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।

20 फरवरी की रात्री गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खेरपुरा सरकारी स्कूल से खदानों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर अवैध रूप से नीलगाय के मांस की तस्करी की जा रही है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों को रोका। तलाशी लेने पर प्लास्टिक के चार बैगों में 95 किलो नीलगाय का मांस बरामद किया गया।

फरार हुए दो अन्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मांगीलाल पुत्र पेमा कालबेलिया और बालूलाल पुत्र हीरा कालबेलिया, निवासी सोकिया, थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य आरोपी प्यारा और हीरालाल कालबेलिया मौके से फरार हो गए।

वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, भारतीय दंड संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद मांस का पशु चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम करवा कर वन विभाग की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया।

टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पारसोली थानाधिकारी प्रेम सिंह, एएसआई भैरुलाल, कांस्टेबल सोनाराम, शीशराम, प्रीतम और रतन सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और इस मामले में आगे की जांच जारी है।

DS7NEWS NETWORK 

Post a Comment

0 Comments