डीएस सेवन न्यूज रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार शिकंजा कस रही रतलाम पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। विशेष अभियान के तहत थाना रिंगनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 1 किलोग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध एम.डी. ड्रग्स लेकर बरखेड़ी फंटा, महू-नीमच फोरलेन हाईवे स्थित ढोढर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर विधिसम्मत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1000 ग्राम (1 किलोग्राम) एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युनुस पिता नियामत खान पठान (52) निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। जब्त एम.डी. ड्रग्स की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया, इसकी सप्लाई किन-किन स्थानों तक की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रतलाम पुलिस ने दोहराया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत लगातार अभियान जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक राधेश्याम चौहान, आरक्षक नरेंद्र सिंह जगावत, आरक्षक रविंद्र सिंह चौहान, आरक्षक शोभाराम शर्मा, सैनिक छत्रपाल सिंह तथा साइबर सेल रतलाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
Breaking News