डीएस सेवन पिपलियामंडी (मंदसौर)। महू-नीमच हाईवे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पिपलियामंडी थाने के ठीक सामने हुआ, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार पिपलिया पंथ निवासी भूलीबाई (45) अपने पति हीरालाल नायक के साथ मोटरसाइकिल (MP-14 MH-3756) से सोकड़ी से अपने घर लौट रही थीं। जब उनकी बाइक पिपलियामंडी थाने के सामने स्थित क्रॉसिंग पर पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से भूलीबाई चलती बाइक से सड़क पर गिर गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि भूलीबाई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान बाइक चला रहे पति हीरालाल नायक आगे निकल गए और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें हादसे की जानकारी हुई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही टोल एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पैरामेडिकल नवीन गौड़, असिस्टेंट दिनेश बागड़ी और पायलट हरीश गुर्जर ने तत्काल महिला को संभाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पिपलियामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में जुटी हुई है। थाने के सामने हुए इस हादसे ने हाईवे सुरक्षा और क्रॉसिंग पर यातायात व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
Breaking News