चित्तौड़गढ़ मोबाइल और सोशल मीडिया से बचें, सपनों पर करें फोकस: जिला कलक्टर डॉ. मंजू का विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति की जालखेड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों के लिए प्रेरणा एवं जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनी। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं खेल उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया जैसे आकर्षण विद्यार्थियों का ध्यान भटका सकते हैं, लेकिन जो अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहते हैं, वही जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई केवल परिवार की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए करनी चाहिए। जीवन के शुरुआती वर्ष मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यदि विद्यार्थी पूरी लगन और ईमानदारी से प्रयास करें तो सफलता निश्चित है।

डॉ. मंजू ने विद्यार्थियों को खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मित्रों के साथ समय बिताना अच्छी बात है, लेकिन नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहना आवश्यक है। माता-पिता और शिक्षकों का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।
अभिभावकों से संवाद करते हुए जिला कलक्टर ने बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं, उनकी पढ़ाई पूरी करवाई जाए और कम उम्र में विवाह जैसी कुप्रथाओं से बचा जाए।

ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, चिकित्सा सुविधा, पुलिया निर्माण, सीसी रोड, स्पीड ब्रेकर और रास्तों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं। दीपपुरा घाटे की खराब सड़क और दुर्घटनाओं की समस्या पर सड़क सुधार की मांग की गई।

क्षेत्र में एंबुलेंस सुविधा की मांग पर जिला कलक्टर ने एनपीसीआईएल के माध्यम से नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। विद्यालयों के सामने स्पीड ब्रेकर निर्माण, खेतों तक रास्ते की व्यवस्था, जलभराव की समस्या और पुलिया निर्माण सहित अन्य मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी को 24 जून तक पंचायत क्षेत्र से संबंधित सभी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजलक्ष्मी गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवती लाल हिंगड़, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी डॉ. कृति व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post