जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों युवा जुटे
डीएस सेवन न्यूज नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले हजारों की संख्या में युवा एकत्रित हुए और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने नीट पेपर लीक, सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली सहित शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
जानकारी के अनुसार, सुबह प्रदर्शन की शुरुआत सीमित संख्या में लोगों के साथ हुई थी। शुरुआत में न तो कोई मंच था और न ही विशेष व्यवस्थाएं दिखाई दे रही थीं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ती गई। बाद में मंच और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं, जिसके बाद जंतर-मंतर पर माहौल और सक्रिय हो गया।
इस आंदोलन से जुड़े अभिजीत दीप भी दिल्ली पहुंचे, जिनके संबोधन का प्रदर्शनकारी इंतजार करते रहे। हाथों में तिरंगा लिए युवा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवाज बुलंद करते रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी के चलते जंतर-मंतर क्षेत्र दिनभर चर्चा का केंद्र बना रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य शिक्षा से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और जिम्मेदार पक्षों का ध्यान छात्रों की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।