चित्तौड़गढ़ पारसोली ऑपरेशन त्रिनेत्र का बड़ा प्रहार: NDPS तस्कर की 50 लाख की संपत्ति फ्रीज, मकान-ज़मीन समेत 2 वाहन जब्त

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पारसोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एनडीपीएस आरोपी की करीब 50 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत की गई है। इसमें आरोपी की कृषि भूमि, आवासीय भवन और दो चारपहिया वाहन शामिल हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीएसपी बेगूं अंजली सिंह के सुपरविजन में पारसोली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि लुहारिया निवासी कमलेश गुर्जर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना पारसोली और थाना नगाणा (जिला बाड़मेर) में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस जांच में आरोपी द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति का खुलासा हुआ। इसके बाद संबंधित भूमि, आवासीय मकान तथा स्कॉर्पियो-एन एवं रेनो क्विड वाहन को फ्रीज करने का प्रस्ताव दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक SAFEM(FOPA) NDPS ACT को भेजा गया।
सुनवाई के बाद भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी की संपत्ति को स्थायी रूप से फ्रीज करने की मंजूरी प्रदान की। आदेश मिलते ही पारसोली पुलिस ने जमीन, मकान और दोनों वाहनों को विधिवत फ्रीज कर दिया। जब्त संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य करीब 50 लाख रुपए बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी ठाकराराम, एएसआई देवीलाल, गोविंद सिंह तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी
निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें ।

Post a Comment

Previous Post Next Post