चित्तौड़गढ़ बच्चों पर पढ़ाई का दबाव नहीं, प्रोत्साहन दें – सुखवाड़ा रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. मंजू का संदेश

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 5 जून। भदेसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुखवाड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि बच्चों पर पढ़ाई को लेकर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए। प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभा होती है और जीवन में सफलता प्राप्त करने के कई रास्ते होते हैं।

उन्होंने कहा कि आज कई विद्यार्थी आईएएस, आरएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में परिवारजनों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों का मनोबल बढ़ाएं। कम अंक आने या पढ़ाई में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं होने पर बच्चों को डांटने या मानसिक दबाव देने के बजाय उन्हें प्रेरित किया जाना चाहिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि किसी बच्चे के भविष्य में क्या लिखा है, यह कोई नहीं जानता। इसलिए बच्चों को सकारात्मक माहौल देकर उनकी क्षमताओं को निखारने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी। इस दौरान विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।

रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिला प्रशासन के समक्ष रखीं। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त परिवादों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कुछ मामलों में 7 से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जबकि कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया गया।

चौपाल के दौरान चारागाह भूमि पर अवैध माइनिंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर जिला कलक्टर ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चरनोट भूमि पर अतिक्रमण, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, सुखवाड़ा से हसमतगढ़ सड़क निर्माण, भूमि एवं आवास उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंगला पशु योजना के तहत कई कृषकों को लाभ योजना के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। चौपाल में ग्रामीणों ने प्रशासन की जनसुनवाई व्यवस्था की सराहना करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post