चित्तौड़गढ़ कपासन पहले बड़ी बेटी ने किया प्रेम विवाह, अब छोटी ने भी छोड़ा घर; पिता ने दोनों की छपवा दी शोक पत्रिका

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र के एक गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। यहां एक पिता ने अपनी दो जिंदा बेटियों की शोक पत्रिका छपवाकर समाज में वितरित कर दी। कारण यह बताया जा रहा है कि दोनों बेटियों ने परिवार की इच्छा के विपरीत प्रेम विवाह कर लिया था, जिससे परिवार गहरे सदमे में आ गया।

जानकारी के अनुसार परिवार की बड़ी बेटी ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी पसंद से विवाह कर लिया था। उस समय भी परिजनों ने इसका विरोध किया था, लेकिन समय के साथ मामला शांत हो गया। हाल ही में जब छोटी बेटी ने भी परिवार की सहमति के बिना प्रेम विवाह कर लिया तो पिता और परिजनों को गहरा आघात लगा।

बताया जा रहा है कि पिता ने दोनों बेटियों को समझाने का काफी प्रयास किया। उन्होंने परिवार की भावनाओं का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा कदम नहीं उठाने की सलाह दी, लेकिन दोनों ने अपनी पसंद के अनुसार विवाह कर लिया। इसके बाद पिता ने दोनों बेटियों को सामाजिक रूप से मृत मानते हुए उनकी शोक पत्रिका छपवा दी।

शोक पत्रिका में दोनों युवतियों के फोटो प्रकाशित किए गए हैं और 4 जून को ‘जीवित पीहर गोलवनी’ तथा शोक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई है। पत्रिका गांव और समाज के लोगों में बांटी गई, जिसके बाद कई लोग परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में बहस छेड़ दी है। एक ओर जहां कुछ लोग इसे पिता की पीड़ा और टूटे हुए विश्वास का प्रतीक मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे बदलते सामाजिक परिवेश और नई पीढ़ी की सोच से जोड़कर देख रहे हैं।

फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव में लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं, लेकिन एक बात साफ है कि इस पूरे घटनाक्रम ने परिवार और समाज दोनों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post