डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर जिले में नारायणगढ़ पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय डोडाचूरा तस्करों को पकड़ लिया। पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 252 किलो डोडाचूरा, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और लग्जरी क्रेटा कार जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार थाना नारायणगढ़ पुलिस बरखेड़ा वीरपुरिया फंटा स्थित सगस बावजी मंदिर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिपलिया मंडी की ओर से आ रही एक हुंडई क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने कार तेज रफ्तार में भगा दी। कुछ दूरी पर वाहन यात्री प्रतिक्षालय की दीवार से टकराकर अनियंत्रित हुआ और फिर पेड़ से जा भिड़ा।
हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर किए। पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजूराम विश्नोई निवासी जालोर और सुरज विश्नोई निवासी सांचोर, राजस्थान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान क्रेटा कार से 12 कट्टों में भरा 252 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। वहीं आरोपी सुरज के कब्जे से एक देशी पिस्टल, जिंदा राउंड और खाली कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन, जियो डोंगल और अलग-अलग नंबर प्लेटें भी बरामद की हैं। जब्त वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पवार व पुलिस टीम ने अंजाम दी।
Tags
Breaking News