सिंगोली के तिलस्वां घाट में फिर दर्दनाक हादसा, पिकअप खाई में पलटी; 3 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर

सिंगोली के तिलस्वां घाट में फिर दर्दनाक हादसा, पिकअप खाई में पलटी; 3 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर

डीएस सेवन न्यूज नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र स्थित तिलस्वां घाट में मंगलवार रात एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। रात करीब 9 बजे धौलपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक RJ 14 GN 6549 में मजदूरी कर लौट रहे लोग सवार थे। वाहन में कलर की बाल्टियां भरी हुई थीं और कुछ मजदूर सामान के ऊपर बैठे हुए थे। तिलस्वां घाट के खतरनाक मोड़ पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सीधे खाई में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद जाकिर पिता जुम्मी अली उम्र 40 वर्ष निवासी बरेली उत्तरप्रदेश, इदरीस निवासी बोरीपुर और सोमपाल लोधी को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। वहीं तीन मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र बर्मा, तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने रात में ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

गौरतलब है कि इसी तिलस्वां घाट पर रविवार को भी एक बड़ा बस हादसा हुआ था, जिसमें शिव शक्ति ट्रेवल्स की बस पलटने से 30 से अधिक यात्री घायल हो गए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों और राहगीरों ने घाट क्षेत्र में क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेतक और गति सीमा नियंत्रण जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं तत्काल लागू करने की मांग उठाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post