डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले के नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को अपनी पहली अपराध गोष्ठी में स्पष्ट कर दिया कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए आक्रामक और परिणामोन्मुखी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने एक-एक अधिकारी से परिचय प्राप्त करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और अपराध की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आदतन अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, स्थाई वारंटी और असामाजिक तत्व पुलिस की प्राथमिक निगरानी में रहेंगे। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर कानून का भय स्थापित किया जाएगा ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण महसूस कर सकें।
उन्होंने मादक पदार्थ तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार और संगठित अपराधों में शामिल अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें फ्रीज एवं जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि अपराध से कमाई गई संपत्ति पर कार्रवाई अपराधियों की आर्थिक ताकत को कमजोर करने का सबसे प्रभावी तरीका है।
बैठक में अवैध खनन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी स्तर पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित थाना अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, प्रभावी गश्त व्यवस्था, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आमजन की शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। बैठक में एएसपी मुकुल शर्मा, एएसपी भगवत सिंह सहित जिले के समस्त डीएसपी, थाना प्रभारी और पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News