डीएस सेवन न्यूज मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के आंतरी माता सेमली घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पानी में डूबने से पिता-पुत्र लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमली आंतरी निवासी दशरथ सिंह चंद्रावत (40) पिता ईश्वर सिंह चंद्रावत एवं उनके पुत्र लखन चंद्रावत (लगभग 20 वर्ष) जलाशय में डूब गए। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दशरथ सिंह चंद्रावत का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं उनके पुत्र लखन चंद्रावत की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी रही।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम जलाशय में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मौके पर पुलिस बल एवं एसडीआरएफ की टीम तैनात है तथा मामले की जांच जारी है।
Tags
Breaking News