भीलवाड़ा धर्मेन्द्र सिंह यादव के तबादले के बाद अपराधियों के हौसले बुलंद? पुलिस पर फायरिंग कर भागा बदमाश गिरफ्तार"

पुलिस पर फायरिंग, पुलिया से छलांग और फिर गिरफ्तारी: भीलवाड़ा में आधी रात चला हाई-वोल्टेज ऑपरेशन
डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा। हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक हथियारबंद बदमाश के बीच फिल्मी अंदाज में घटनाक्रम देखने को मिला। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी और गिरफ्तारी से बचने के लिए बनास नदी की पुलिया से छलांग लगा दी। हालांकि घायल होने के बावजूद वह पुलिस के शिकंजे से बच नहीं सका।

पुलिस के अनुसार बिलिया कलां निवासी कम्मू उर्फ कमलेश गुर्जर (29) के रीको क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में होने की सूचना मिली थी। सूचना पर हमीरगढ़ थाना पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और कथित रूप से फायरिंग कर दी। इसके बाद उसने करीब नौ फीट ऊंची पुलिया से नीचे छलांग लगा दी, जहां घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस आरोपी के नेटवर्क व उसकी गतिविधियों की जांच में जुटी है।

अपराधियों की सक्रियता को लेकर शुरू हुई चर्चाएं

इस घटनाक्रम के बाद जिले में अपराधियों की गतिविधियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खासकर पूर्व पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के स्थानांतरण के बाद लोगों के बीच यह चर्चा सुनने को मिल रही है कि कहीं अपराधी तत्व फिर से सक्रिय तो नहीं होने लगे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

गौरतलब है कि पूर्व एसपी धर्मेन्द्र सिंह यादव के कार्यकाल में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए गए थे, जिससे जिले में पुलिस की सख्ती की चर्चा रहती थी। ऐसे में हमीरगढ़ की यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि यह जांच का विषय है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था या नहीं, और उसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था अथवा नहीं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post