17 थानों के 48 मामलों में जब्त डोडाचूरा, गांजा, स्मैक और एमडीएमए का निस्तारण, अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की भट्टी में किया गया नष्ट
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए 66 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। शुक्रवार को जिला औषधि व्ययन समिति की निगरानी में शंभूपुरा थाना क्षेत्र के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की कीलन (भट्टी) में इन मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई में 17 पुलिस थानों के कुल 48 प्रकरणों में जब्त डोडाचूरा, गांजा, स्मैक और एमडीएमए को जलाकर नष्ट किया गया। एनसीबी के मानकों के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 30 मामलों में 65 क्विंटल 76 किलो 537 ग्राम डोडाचूरा, 11 मामलों में 34 किलो 748 ग्राम गांजा, 6 मामलों में 996 ग्राम एमडीएमए तथा 1 मामले में 135 ग्राम स्मैक जब्त की गई थी। न्यायालय से आवश्यक अनुमति और भौतिक सत्यापन के बाद इन सभी मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि थानों के मालखानों में जब्त मादक पदार्थों और वाहनों के कारण जगह की समस्या उत्पन्न हो रही थी। ऐसे में माल निस्तारण की प्रक्रिया को गति देते हुए रिकॉर्ड सत्यापन, वजन और वीडियोग्राफी के साथ पूरी कार्रवाई पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, डीएसपी विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज सहित संबंधित थानों के अधिकारी एवं अल्ट्राटेक सीमेंट प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Tags
Breaking News