निंबाहेड़ा-मंगलवाड़ हाईवे पर मौत का सफर: डंपर-पिकअप की भीषण भिड़ंत में चालक की मौत, फोरलेन कार्य पर उठे सवाल

कागजों में दौड़ रहा फोरलेन, सड़क पर मौत का सफर: डंपर-पिकअप भिड़ंत में चालक की मौत
डीएस सेवन न्यूज निकुंभ। निंबाहेड़ा-मंगलवाड़ हाईवे पर फोरलेन निर्माण की सुस्त रफ्तार एक बार फिर भारी पड़ गई। नपावली जीएसएस के पास मंगलवार सुबह डंपर और पिकअप की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में पिकअप चालक इसरार खां निवासी डूंगला की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में दहशत और लोगों में आक्रोश दोनों देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

फोरलेन का काम बना लोगों के लिए मुसीबत

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस फोरलेन परियोजना से सफर सुरक्षित और आसान होने की उम्मीद थी, वही अब हादसों की वजह बनती जा रही है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य सिर्फ कागजों और दावों तक सीमित नजर आता है, जबकि धरातल पर हालात अब भी बदहाल हैं।

कई जगह सड़क अधूरी पड़ी है, कहीं डायवर्जन स्पष्ट नहीं है तो कहीं निर्माण सामग्री सड़क किनारे फैली हुई है। रात के समय वाहन चालकों को रास्ता समझना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में तेज रफ्तार भारी वाहन हादसों को न्योता दे रहे हैं।

दो महीने में दूसरा बड़ा हादसा, फिर भी नहीं जागा सिस्टम

ग्रामीणों ने बताया कि नपावली जीएसएस क्षेत्र में पिछले दो महीनों में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

लोगों का कहना है कि करोड़ों की परियोजना होने के बावजूद सुरक्षा संकेतक, स्पीड कंट्रोल और वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था तक सही तरीके से नहीं की गई है।

ग्रामीण बोले— हादसे नहीं, लापरवाही ले रही जान

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर समय रहते सड़क सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में और भी परिवार उजड़ सकते हैं। ग्रामीणों ने हाईवे के ब्लैक स्पॉट पर तुरंत स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त लाइटिंग की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post