नाहरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 बड़े वाहन, 7 मोटरसाइकिल और चोरी की भैंसें बरामद
4 नकबजनी और 3 भैंस चोरी की वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर, 5 जून 2026। मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना पुलिस ने चोरी और पशु चोरी की वारदातों में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बड़े चोरीशुदा वाहन, सात मोटरसाइकिल, दो भैंस और एक पाड़ा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में क्षेत्र में हुई कई नकबजनी और पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 4 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की पिकअप में भैंसें भरकर आरोपी विश्निया-कचनारा मार्ग से राजस्थान की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बोलिया फंटा के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो भैंस और एक पाड़ा मिले। जांच में वाहन भी चोरी का निकला।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर एक महिंद्रा बोलेरो, एक महिंद्रा पिकअप, एक सोनालिका ट्रैक्टर तथा सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपियों ने नापाखेड़ा, कयामपुर, विश्निया, बेटीखेड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में चार नकबजनी और तीन भैंस चोरी की वारदातें करना भी स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. नैना उर्फ सुरेश (25) पुत्र तख्तिया कंजर, निवासी मुंडला कंजर डेरा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
2. बंटी (21) पुत्र मीना कंजर, निवासी मुंडला कंजर डेरा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बरामदगी
- एक महिंद्रा पिकअप वाहन (कीमत लगभग 6 लाख रुपये)
- एक महिंद्रा बोलेरो (कीमत लगभग 6 लाख रुपये)
- एक सोनालिका ट्रैक्टर (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)
- सात चोरी की मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)
- दो भैंस एवं एक पाड़ा (कीमत लगभग 2 लाख रुपये)
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरुण तिवारी सहित उपनिरीक्षक भानुप्रताप सिंह राजावत, सहायक उपनिरीक्षक कन्हैयालाल यादव, रशीद पठान तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Breaking News