इंतकाल खोलने के नाम पर रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, 5 हजार लेते ट्रैप ACB की कार्रवाई से मचा हड़कंप

इंतकाल खोलने के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई से मचा हड़कंप
डीएस सेवन न्यूज खैरथल-तिजारा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सांथलका पटवार हल्का की पटवारी आशा देवी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी पर एक परिवादी से इंतकाल (नामांतरण) दर्ज करने और राजस्व रिकॉर्ड में नाम संशोधन करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार परिवादी के पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उसे पैतृक भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाने और इंतकाल खोलने की प्रक्रिया पूरी करनी थी।

 आरोप है कि इस कार्य को करने के बदले पटवारी आशा देवी ने 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी को दी, जिसके बाद मामले का सत्यापन कराया गया।

जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। एसीबी को पता चला कि पटवारी पहले ही परिवादी से 10 हजार रुपये ले चुकी थी और शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रही थी। बाद में सौदे के तहत 5 हजार रुपये और लेने की बात तय हुई।
शिकायत के आधार पर एसीबी अलवर प्रथम चौकी की टीम ने उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित स्थान पर जैसे ही परिवादी ने पटवारी को 5 हजार रुपये दिए, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि आरोपी के बैग से बरामद की गई।
कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि रिश्वत लेने के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है

एसीबी की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आमजन से जुड़े कार्यों में रिश्वतखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post