सीसीटीवी में कैद हुई मोबाइल चोरी, जीआरपी ने घंटों में दबोचा आरोपी; दो मोबाइल बरामद
डीएस सेवन न्यूज नीमच। रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्री का मोबाइल चोरी कर भागने वाले आरोपी को जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल सहित कुल दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 29 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार 3 जून 2026 की शाम नीमच रेलवे स्टेशन पर एक यात्री प्लेटफॉर्म पर सो रहा था। इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पूरी घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी एवं आरपीएफ कर्मी लगातार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी कर रहे थे। फुटेज की मदद से संदिग्ध युवक की पहचान की गई और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रज्जाक (27) पुत्र मोहम्मद सुलेमान निवासी ढाई दिन के झोंपड़े के पीछे, अजमेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह अन्य चोरी की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
जीआरपी की सतर्कता और सीसीटीवी निगरानी के चलते चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा होने से यात्रियों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
Tags
Breaking News