25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा गया पंचायत का बाबू, ACB की बड़ी कार्रवाई

मनरेगा मस्टरोल के बदले रिश्वत मांगने वाला पंचायत कर्मी एसीबी के जाल में, 25 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज धौलपुर। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत रतनपुर, पंचायत समिति बसेड़ी में कार्यरत कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मनरेगा कार्यों के लिए मस्टरोल जारी करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।

जानकारी के अनुसार एक परिवादी ने एसीबी को शिकायत देकर बताया था कि कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार मस्टरोल जारी करने के बदले 26 हजार रुपये की मांग कर रहा है तथा राशि नहीं देने पर कार्य में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

बुधवार को एसीबी भरतपुर रेंज के अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार परिवादी ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, जिसके बाद एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे 25 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि आरोपी की पैंट की जेब से बरामद की गई।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

एसीबी की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post