नीमच का तस्कर महिला साथी संग 13 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार, कार पर लगा था न्यूज पेपर का स्टिकर
फतेहाबाद/नीमच। हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के नीमच निवासी एक तस्कर को महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईश्वर लाल पुत्र मांगीलाल पाटीदार निवासी बरलाई, जिला नीमच (मध्य प्रदेश) तथा सोना प्रजापति पत्नी सुनील प्रजापति निवासी बैजलपुर, जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
फतेहाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश से अफीम लेकर हरियाणा और पंजाब में सप्लाई करने आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए रतिया टीम ने एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान DL-3CBA-2461 नंबर की होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर कार भी जब्त कर ली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक और अहम तथ्य सामने आने की जानकारी दी। जिस कार में आरोपी सफर कर रहे थे, उसके आगे और पीछे 'news चैनल का स्टीकर लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पुलिस जांच से बचने और संदेह से दूर रहने के लिए इन स्टिकरों का कथित रूप से इस्तेमाल किया गया। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यदि स्टिकरों के दुरुपयोग या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार अलग-अलग पहचान पत्र भी बरामद किए हैं। इन सभी आईडी कार्डों पर फोटो अलग-अलग हैं, जबकि नाम एक ही दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से पंजाब के बठिंडा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के भटिंडा जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क, सप्लायरों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
DS7NEWS NETWORK हरियाणा मीनाक्षी पूनिया, फतेहाबाद हरियाणा