राजसमंद साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, व्यापारी से 12.14 लाख की ठगी का खुलासा
अलवर से दबोचे गए शातिर आरोपी, अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर वसूले थे लाखों रुपये; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
राजसमंद। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजसमंद साइबर थाना पुलिस ने अश्लील के मामले में गिरोह के दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने रेलमगरा क्षेत्र के एक व्यापारी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 12 लाख 14 हजार 520 रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलवर जिले से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित व्यापारी को एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से वीडियो कॉल किया गया। कॉल के दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग समय पर खुद को पुलिस अधिकारी, यूट्यूबर और मीडिया कर्मी बताकर पीड़ित पर लगातार मानसिक दबाव बनाया। बदनामी के डर से व्यापारी ने विभिन्न माध्यमों से कुल 12 लाख 14 हजार 520 रुपये आरोपियों को भेज दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक के सुपरविजन तथा साइबर थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद दाधीच के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर अलवर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अन्य राज्यों में भी इसी तरह की साइबर ठगी की कई वारदातों में शामिल रहा है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और इससे जुड़े अन्य मामलों की जांच भी जारी है।
राजसमंद साइबर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल, ब्लैकमेलिंग या सेक्सटॉर्शन की घटना से घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से साइबर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सकती है।