किसानों के कुओं से मोटर-केबल उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब 2 आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। किसानों के खेतों में बने कुओं से विद्युत मोटर और केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह के खिलाफ अफजलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 हॉर्स पावर की विद्युत मोटर, 70 फीट केबल तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं ग्रामीण एसडीओपी श्रीमती कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 22 और 23 जून की दरमियानी रात फरियादी रुघनाथ सिंह पिता माधुसिंह निवासी अफजलपुर के खेत स्थित कुएं से अज्ञात बदमाशों द्वारा विद्युत मोटर और केबल चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 161/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम लगातार संदिग्धों और चोरी गए सामान की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक पिता विक्रम सिंह निवासी वार्ड क्रमांक-1, इंदिरा आवास, दलौदा तथा 22 वर्षीय जहीर पिता वहीद निवासी वार्ड क्रमांक-1, इंदिरा आवास, दलौदा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी जहीर के कब्जे से चोरी की गई 3 हॉर्स पावर की एक विद्युत मोटर एवं लगभग 70 फीट केबल, जिसकी कुल कीमत करीब 11 हजार 500 रुपये है, बरामद की। वहीं आरोपी अभिषेक से घटना में प्रयुक्त काले रंग की बजाज पल्सर 125 एनएस मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी-14-जेडजी-0306) भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार इस गिरोह का एक अन्य आरोपी सुमित पिता विक्रम सिंह निवासी वार्ड क्रमांक-1, इंदिरा आवास, दलौदा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं थाना अफजलपुर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post