बिनोता में रिहायशी इलाके तक पहुंचा पैंथर, कुत्ते का किया शिकार; ग्रामीणों में दहशत, रेस्क्यू की मांग तेज

बिनोता में रिहायशी इलाके तक पहुंचा पैंथर, कुत्ते का किया शिकार; ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर रेस्क्यू की उठाई मांग

डीएस सेवन न्यूज बिनोता सोमवार देर शाम बिनोता ग्राम के वार्ड नंबर 13 में एक पैंथर रिहायशी इलाके तक पहुंच गया। पैंथर के अचानक आबादी क्षेत्र में दिखाई देने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पैंथर ने लोगों पर हमला करने का प्रयास किया तथा आबादी क्षेत्र से एक कुत्ते को उठाकर बिनोता अंबा माता पहाड़ी की ओर चला गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर पैंथर को देखने लगे। पहाड़ी के समीप रिहायशी क्षेत्र होने के कारण लोगों में भय का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार इससे पहले भी कुछ दिन पूर्व बिनोता अंबा माता पहाड़ी पर एक पैंथर अपने छोटे शावक के साथ देखा गया था। उस समय क्षेत्र के कुछ युवकों ने उसका वीडियो बनाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी थी। अब पैंथर की मूवमेंट आबादी क्षेत्र तक पहुंचने से बिनोता सहित आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिनोता अंबा माता पहाड़ी पर आसपास के गांवों के कई लोग प्रतिदिन अपने मवेशियों को चराने जाते हैं। ऐसे में पैंथर की मौजूदगी को देखते हुए मवेशी चराने वाले लोगों से फिलहाल पहाड़ी क्षेत्र में नहीं जाने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

घटना की सूचना भाजपा पश्चिम मंडल उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि प्रहलाद प्रजापत को दी गई। इसके बाद उन्होंने वन विभाग निम्बाहेड़ा के रेंजर सुनील यादव से दूरभाष पर बात कर तत्काल टीम भेजने का आग्रह किया। सूचना मिलते ही सोमवार शाम वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

मंगलवार को रेंजर सुनील यादव स्वयं बिनोता पहुंचे और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ठाकुर गजराज सिंह शक्तावत सहित ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। रेंजर ने पैंथर की निगरानी के लिए संभावित स्थानों पर कैमरे लगाने तथा पैंथर को पकड़ने अथवा आबादी क्षेत्र से दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर पैंथर का सुरक्षित रेस्क्यू किया जाए और उसे दूरस्थ वन क्षेत्र में छोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

मौके पर शक्तिसिंह शक्तावत, भाजपा शक्ति केंद्र सह-संयोजक पारसराम कुमावत, गोविंद कुमावत, हरिओम आचार्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

DS7NEWS NETWORK BINOTA 
संवाददाता दशरथ सिंह सारंगदेवोत 

Post a Comment

Previous Post Next Post