हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक को निशाना बनाने निकली गैंग पकड़ी गई, 6 गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज राशमी/चित्तौड़गढ़। राशमी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक की कथित हत्या की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने राशमी कस्बे में दबिश देकर गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से देशी कट्टा, रिवॉल्वर, चार जिंदा कारतूस, धारदार हथियार और दो कारें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी क्षेत्र के हैं, जबकि चार आरोपी सूरत, गुजरात से जुड़े बताए गए हैं। शुरुआती पूछताछ में पूरा मामला आपसी वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा सामने आया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ सदर थाने का ए-श्रेणी हिस्ट्रीशीटर चिराग खटीक को निशाना बनाने के लिए राहुल खटीक की गैंग सक्रिय है। सूचना में यह भी बताया गया कि हथियारों से लैस आरोपी राशमी कस्बे में पहुंच सकते हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और डीएसपी गंगरार उदय सिंह चुण्डावत के सुपरविजन में राशमी थाना पुलिस और DST ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने राहुल खटीक के मकान पर दबिश दी और वहां मौजूद छह आरोपियों को पकड़ लिया।
किसके पास से क्या मिला?
पुलिस के मुताबिक, राहुल खटीक के कब्जे से देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस तथा अजय भरवाड़ के पास से देशी रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं चिराग यादव, फैजान उस्मानी, काना रविन्द्र और राहुल कीर के कब्जे से धारदार लोहे के हथियार जब्त किए गए।
घटना में इस्तेमाल बताई जा रही क्रेटा और स्विफ्ट कार भी पुलिस ने जब्त की हैं।
सूरत में अपहरण और फिरौती का भी जिक्र
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गैंग के कुछ आरोपियों का सूरत में अपहरण और फिरौती के मामले से भी संबंध रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर पहले से शराब तस्करी, एनडीपीएस, मारपीट, अपहरण और फिरौती सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गैंग ने पूर्व में सूरत के एक व्यवसायी को जिम जाते समय कथित तौर पर टक्कर मारकर गिराया और उसका अपहरण कर एक करोड़ रुपये की फिरौती वसूली थी। इस मामले में सूरत पुलिस ने आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस का यह भी कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के दौरान आरोपियों ने सूरत पुलिस पर फायरिंग की थी।
छह आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल खटीक उर्फ बाबा, अजय भरवाड़, चिराग यादव, काना चौहान राजपूत, राहुल कीर और फैजान उस्मानी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं पुलिस के निशाने पर रहा चिराग खटीक भी सदर थाना चित्तौड़गढ़ का 'अ' श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
संगठित अपराध की योजना को लेकर जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की तैयारी और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चिराग खटीक को निशाना बनाने की योजना कैसे तैयार हुई, इसमें और कौन लोग शामिल हैं और बरामद हथियार व वाहन कहां से जुटाए गए।
पुलिस की कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे संगठित अपराध और गैंगवार जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम संबंधी विशेष अभियान के तहत बताई गई है।
Tags
Breaking News