गरोठ में नकली दूध बनाने का भंडाफोड़! घर और बाड़े से मिल्क पाउडर, वनस्पति घी और यूरिया के कट्टे जब्त, दो पर केस दर्ज
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर गरोठ। क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में नकली दूध बनाने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के घर और बाड़े से नकली दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और मशीनें जब्त की हैं। मामले में दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
6 कट्टे मिल्क पाउडर, 5 टीन वनस्पति और 4 कट्टे यूरिया मिले
पुलिस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। इसमें 25-25 किलो की पैकिंग वाले मिल्क पाउडर के 6 कट्टे, 15-15 लीटर के वनस्पति के 5 पैक टीन, 14 खाली टीन और यूरिया के 4 कट्टे शामिल हैं।
इसके अलावा नकली दूध बनाने में उपयोग होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक फिल्टर मिक्सर, गैस भट्टी, एचपी कंपनी का गैस सिलेंडर, डीप फ्रीजर, स्टील की कोठी, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और पानी की मोटर भी जब्त की गई है।
लिक्विड सोप से भरी केन और दूध जांचने की मशीनें भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस को 40 लीटर क्षमता की एक प्लास्टिक केन भी मिली, जिसमें लिक्विड सोप भरा हुआ था। इसके साथ दूध भरने की 10 खाली प्लास्टिक केन और दूध की जांच करने वाली 2 इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी जब्त की गई हैं।
डूंगरखेड़ी के दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में कृष्णपाल सिंह पुत्र बद्री सिंह सौंधिया राजपूत और शिवराज सिंह पुत्र बद्री सिंह सौंधिया राजपूत, दोनों निवासी डूंगरखेड़ी, के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Tags
Breaking News