उदयपुर में थाईलैंड की महिला डिटेन, 15 महीने पहले खत्म हो चुका था वीजा, CID की जांच में हुआ खुलासा
महिला मित्र की मौत की सूचना पर अहमदाबाद से पहुंची थी उदयपुर, गीतांजलि हॉस्पिटल में दस्तावेजों की जांच के दौरान पकड़ी गई, भारत से निष्कासन की कार्रवाई शुरू
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, भारत में वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रहे विदेशी नागरिकों पर सीआईडी विशेष शाखा की निगरानी लगातार जारी है। इसी बीच उदयपुर में सीआईडी की टीम ने थाईलैंड की एक महिला को डिटेन किया है। महिला का वीजा जुलाई 2025 में ही समाप्त हो चुका था, लेकिन वह इसके बाद भी भारत में रह रही थी। महिला अपनी एक मित्र की मौत की सूचना मिलने पर अहमदाबाद से उदयपुर पहुंची थी। इसी दौरान गोपनीय सूचना के आधार पर सीआईडी की टीम ने गीतांजलि हॉस्पिटल में कार्रवाई करते हुए उसे डिटेन कर लिया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीयन अधिकारी, सीआईडी विशेष शाखा (वीजा) जोन उदयपुर डॉ. विक्रम सिंह के निर्देशन में की गई।
मित्र की मौत की सूचना से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, सीआईडी विशेष शाखा को 23 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में उपचाररत थाईलैंड की नागरिक मिस बेंजामास सुक्सोमपोंग की 22 अक्टूबर को मृत्यु हो गई है। मृतका की वीजा अवधि भी समाप्त हो चुकी थी और वह निर्धारित समय से अधिक अवधि तक भारत में रह रही थी।
इसी बीच सीआईडी को जानकारी मिली कि मृतका की एक महिला मित्र अहमदाबाद से उदयपुर पहुंची है, जिसका वीजा भी समाप्त हो चुका है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीआईडी विशेष शाखा की टीम गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंची और संबंधित महिला के दस्तावेजों की जांच शुरू की।
जुलाई 2025 में समाप्त हो गया था वीजा
जांच के दौरान अस्पताल में थाईलैंड की नागरिक मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग (43) मिली। सीआईडी टीम ने महिला से पूछताछ कर उसके पासपोर्ट और वीजा संबंधी दस्तावेजों की जांच की। इसमें सामने आया कि महिला की वीजा अवधि जुलाई 2025 में समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वह भारत में निवास कर रही थी।
वीजा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर सीआईडी विशेष शाखा ने महिला को डिटेन कर लिया। महिला के विरुद्ध इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत भारत से निष्कासन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
थाईलैंड से पहुंचे मृतका के परिजन, उदयपुर में हुआ अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार, डिटेन की गई महिला अपनी मित्र की मृत्यु की सूचना मिलने पर 23 अक्टूबर को अहमदाबाद से उदयपुर आई थी। वह गीतांजलि हॉस्पिटल में मृतका से संबंधित कार्यों के लिए पहुंची थी।
वहीं, मृतक थाईलैंड की महिला के भाई और पुत्री भी थाईलैंड से उदयपुर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार उदयपुर के अशोक नगर स्थित श्मशान घाट पर किया गया।
नारी निकेतन में रखा, अब भारत से निष्कासन की तैयारी
सीआईडी विशेष शाखा की कार्रवाई के बाद डिटेन की गई थाईलैंड की नागरिक मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग को उदयपुर के नारी निकेतन में रखा गया है। संबंधित विभाग की ओर से महिला के विरुद्ध नियमानुसार भारत से निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है।
होटल और रिसॉर्ट संचालकों को सख्त निर्देश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीयन अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह ने होटल, रिसॉर्ट और विला संचालकों को विदेशी नागरिकों के ठहराव से जुड़े नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों के ठहरने से संबंधित सभी प्रक्रियाएं इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों के अनुरूप पूरी की जाएं।
सीआईडी की इस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में सीआईडी विशेष शाखा (वीजा) जोन उदयपुर की पुलिस निरीक्षक एवं एफआरओ प्रभारी अनिता शर्मा, पुलिस निरीक्षक एवं सीआईयू प्रभारी अरविंद कुमार सालवी, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, नरेश चौबीसा और यमनेश कुमार की भूमिका रही।
Tags
Breaking News