अफीम नीति में देरी पर भड़के पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना, बोले- किसानों को भूल विदेश घूमने निकलीं वित्तमंत्री, बुवाई का समय निकल रहा

अफीम नीति में देरी पर भड़के पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना, बोले- किसानों को भूल विदेश घूमने निकलीं वित्तमंत्री, बुवाई का समय निकल रहा
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा। केंद्र सरकार की ओर से नई अफीम नीति जारी करने में हो रही देरी को लेकर पूर्व सहकारिता मंत्री एवं कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना ने केंद्र सरकार और केंद्रीय वित्तमंत्री पर तीखा हमला बोला है। आंजना ने किसानों की परेशानियों को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार के पास किसानों के लिए समय नहीं है, जबकि अफीम की बुवाई का अनुकूल समय लगातार निकलता जा रहा है।

पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि वित्त मंत्रालय ने पिछले वर्ष 11 सितंबर को अफीम नीति जारी कर दी थी, लेकिन इस बार अक्टूबर का महीना बीतने को है और अब तक नई अफीम नीति का कोई अता-पता नहीं है। इससे अफीम उत्पादक किसान असमंजस की स्थिति में हैं और नई नीति का इंतजार कर रहे हैं।

मौसम पर निर्भर खेती, नीति में देरी से किसानों को नुकसान की आशंका

आंजना ने कहा कि अफीम की खेती पूरी तरह मौसम पर निर्भर करती है। ऐसे में समय पर नीति जारी नहीं होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान फसल की बुवाई के लिए सरकार की नई अफीम नीति का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बुवाई का अनुकूल समय लगातार निकल रहा है।

वित्तमंत्री पर साधा निशाना, किसानों की अनदेखी का लगाया आरोप

पूर्व मंत्री आंजना ने केंद्रीय वित्तमंत्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के पास किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए समय नहीं है और जिम्मेदार वित्तमंत्री किसानों को भूलकर विदेश घूमने निकल गई हैं। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए अफीम उत्पादक किसानों की परेशानियों को गंभीरता से लेने की मांग की।
केंद्र सरकार से तत्काल अफीम नीति जारी करने की मांग

पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने केंद्र सरकार और केंद्रीय वित्तमंत्री से अनुरोध किया कि किसानों की स्थिति को देखते हुए बिना किसी और देरी के नई अफीम नीति जारी की जाए, ताकि किसान समय पर बुवाई कर सकें और उन्हें संभावित नुकसान से राहत मिल सके।

आंजना के इस बयान के बाद अफीम नीति में हो रही देरी और किसानों की समस्याओं का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post