डीएस सेवन न्यूज निम्बाहेड़ा। पंचायत राज चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को निम्बाहेड़ा पेच कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ जिले में सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है। आरोप लगाया गया कि पिछले तीन वर्षों से गांवों और ढाणी क्षेत्रों में विकास के काम ठप पड़े हैं, जिसका जवाब ग्रामीण जनता पंचायत चुनाव में अपने मत के जरिए देगी।
वक्ताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव केवल सत्ता का चुनाव नहीं, बल्कि गांवों के विकास, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। इस लड़ाई में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनाव के दौरान सतर्क और सजग रहने की भी अपील की गई। वक्ताओं ने निकाय चुनाव में परिसीमन को लेकर भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को मिले जनसमर्थन के बावजूद चुनावी प्रक्रिया के जरिए जनादेश को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निम्बाहेड़ा और छोटीसादड़ी क्षेत्र में कांग्रेस को जनता का मजबूत समर्थन मिला है और कुल पड़े मतों में कांग्रेस को भाजपा से अधिक वोट प्राप्त हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पंचायत चुनाव में पूरी ताकत से जुटने और कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाने का आह्वान किया।
Tags
Breaking News