चित्तौड़गढ़ में नाकाबंदी, हनुमानगढ़–बारां धौलपुर सहित कई जिलों में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

चित्तौड़गढ़ में नाकाबंदी, हनुमानगढ़–बारां–धौलपुर सहित कई जिलों में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में 1 से 11 मई 2026 तक प्रदेशभर में नाकाबंदी, दबिश और गश्त कर व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान 1044 अभियोग दर्ज कर 380 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2 लाख 80 हजार 533 लीटर वॉश नष्ट किया गया।

चित्तौड़गढ़ जिले में नीमच हाईवे और कोटा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर आबकारी टीम ने सघन नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की और अवैध शराब तस्करी पर नजर रखी। हनुमानगढ़ में नोहर, संगरिया और हनुमानगढ़ क्षेत्र में दबिश के दौरान 5100 लीटर वॉश और 7 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं, साथ ही देशी शराब और हथकड़ शराब भी जब्त की गई।

श्रीगंगानगर में श्रीकरणपुर क्षेत्र में 150 लीटर वॉश नष्ट कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। नागौर में 200 लीटर वॉश और हथकड़ शराब जब्त की गई। जोधपुर में लूणी, सरदारपुरा और फलौदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 9 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक चालू भट्टी नष्ट की गई।

धौलपुर जिले में आदर्शनगर और पचगांव क्षेत्र में 5000 लीटर वॉश और 5 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। सिरोही के आबूरोड क्षेत्र में नदी किनारे छिपाकर रखे गए 6000 लीटर वॉश को बरामद कर नष्ट किया गया। वहीं बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई के तहत 11 हजार लीटर वॉश और 23 भट्टियां नष्ट की गईं, साथ ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दौसा के महुआ और लालसोट क्षेत्र में 6300 लीटर वॉश और 9 भट्टियां नष्ट की गईं।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post