खेत में करंट की चपेट में आने से 13 वर्षीय मासूम की मौत
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश पिपलियामंडी। थाना क्षेत्र के ग्राम नालीखेड़ा में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 13 वर्षीय बालक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार तेजपाल पुत्र जीवन सिंह राजपूत, उम्र करीब 13 वर्ष, सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के समीप स्थित खेत पर खरबूजा खाने के लिए गया था। इसी दौरान खेत में लगे बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि बालक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि तेजपाल कक्षा 7वीं का छात्र था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाने में पदस्थ SI मूलचंद धाकड़, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मल्हारगढ़ अस्पताल भिजवाया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
Tags
Breaking News