रतलाम रोड पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार, आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। रतलाम रोड स्थित टोल नाके से आगे छतरी पाड़ा क्षेत्र में तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर जमा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात संभालते हुए दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान आबापुरा थाना क्षेत्र के बदरेल गांव निवासी संजय डोडियार तथा छतरी पाड़ा चाचा कोटा निवासी संजय पुत्र पूंजा पारगी के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज गति से वाहन चलाने के खतरे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
Breaking News