उदयपुर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, देर रात सवीना बिजली कार्यालय का घेराव

उदयपुर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, देर रात सवीना बिजली कार्यालय का घेराव

भीषण गर्मी में बार-बार बिजली गुल होने से भड़के लोग, अधिकारियों के खिलाफ की नारेबाजी
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। शहर के सवीना क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और खराब रखरखाव से परेशान लोगों का गुस्सा सोमवार देर रात खुलकर सामने आ गया। परेशान क्षेत्रवासियों ने रात करीब 11 बजे सवीना बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले काफी समय से क्षेत्र में दिन-रात बिजली की आंख-मिचौली जारी है। कभी घंटों बिजली बंद रहती है तो कभी लो वोल्टेज के कारण घरों के उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे। भीषण गर्मी के बीच हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कई लोग बिजली कार्यालय के अंदर तक पहुंच गए और कर्मचारियों को अपनी समस्याएं सुनाते हुए नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक क्षेत्रवासियों में बिजली व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी बनी रही।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post