चित्तौड़गढ़ में अपराधियों पर पुलिस का प्रहार!”
3 इनामी बदमाश गिरफ्तार | 24 टॉप-टेन अपराधी दबोचे
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में अपराध और बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्य स्तरीय विशेष अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 3 इनामी बदमाशों सहित 8 टॉप-टेन अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं 3 हार्डकोर अपराधियों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। तीन दिवसीय अभियान के दौरान अब तक कुल 11 इनामी बदमाश और 24 टॉप-टेन अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में जिलेभर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कई शातिर अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी अक्षय उर्फ राजा उर्फ चिमन उर्फ इलियास निवासी डूंगरपुर, दस हजार रुपये के इनामी भरत कुमार उर्फ भुदरा राम निवासी जालौर तथा दस हजार रुपये के इनामी बदमाश राजा उर्फ राजाराम निवासी मंदसौर (एमपी) को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा जिले और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय 8 टॉप-टेन अपराधियों को भी दबोचा गया। इनमें मध्यप्रदेश और प्रतापगढ़ क्षेत्र के कई बदमाश शामिल हैं।
अभियान के दौरान समाज में दहशत फैलाने वाले हार्डकोर अपराधियों फिरोज खां, दाऊद खां और मनीष कुमार जैन को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। वहीं दो अन्य हार्डकोर अपराधी पहले से जेल में बंद हैं।
पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही जिलेभर में 14 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें पाबंद किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने साफ कहा कि जिले में गैंगस्टर्स, अवैध हथियार रखने वालों और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
Tags
Breaking News