फतेहाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘मोनु हत्याकांड’ में महिला सह-आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 आरोपी दबोचे
डीएस सेवन न्यूज फतेहाबाद, 12 मई। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहाबाद शहर थाना पुलिस को ‘मोनु हत्याकांड’ मामले में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल महिला सह-आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला आरोपी की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी हिना के रूप में हुई है। थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र ने बताया कि 26 अप्रैल 2026 की रात बालाजी कॉलोनी निवासी सचिन कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका बड़ा भाई मोनु (28) घर के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने मोनु की जांघ में छुरी मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अग्रोहा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस पहले ही चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब जांच के दौरान वारदात और षड्यंत्र में शामिल महिला सह-आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी महिला को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Tags
Breaking News