5 हजार के इनामी तस्कर को MP से दबोचा, पहचान छुपाकर बदल रहा था ठिकाने
राज्य स्तरीय अभियान में
चित्तौड़गढ़ जिले में चलाए जा रहे राज्य स्तरीय तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत डूंगला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और पहचान छुपाकर रह रहा था, लेकिन पुलिस की सटीक सूचना और दबिश ने आखिरकार उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में जिलेभर में संगीन अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डूंगला थाना पुलिस को सूचना मिली कि एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित आरोपी अर्जुन रावत अपने गांव मोया, थाना कुकड़ेश्वर जिला नीमच (मध्यप्रदेश) आया हुआ है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बिना देर किए मध्यप्रदेश पहुंचकर दबिश दी और आरोपी अर्जुन पिता सत्यनारायण रावत (26) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थाना मंगलवाड़ क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में हैड कांस्टेबल कन्हैयालाल, कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण, जयप्रकाश और विष्णु कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अभियान के दौरान बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Tags
Breaking News