संतरे के बाग में अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़, 384 पौधे जब्त, 1 आरोपी गिरफ्तार

संतरे के बगीचे में छिपाकर उगा रखे थे 384 गांजे के पौधे, शामगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने संतरे के बगीचे में छिपाकर उगाए जा रहे 384 गांजे के पौधे बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भुण्डिया में एक खेत पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही चंदवासा चौकी और शामगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर खेत पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान संतरे के बगीचे के बीच छिपाकर लगाए गए 384 हरे गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने मौके से आरोपी दिलीप सिंह सोंधिया निवासी भुण्डिया को गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन करीब 25 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सोराष्ट्रिय सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

संवादाता संजना कुंवर चौहान
DS7 NEWS NETWORK, मध्यप्रदेश

Post a Comment

Previous Post Next Post