बालश्रम मुक्त चित्तौड़गढ़ के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से करें कार्य : जिला कलक्टर
विश्व बालश्रम निषेध दिवस पर पोस्टर विमोचन एवं बालश्रम निषेध संकल्प हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 12 जून 2026। विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिले को बालश्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला कलक्टर ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में बाल अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित “बालश्रम मुक्त चित्तौड़गढ़ अभियान” के पोस्टर का विमोचन किया तथा बालश्रम निषेध संकल्प हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेते हुए नियमित रूप से जनजागरूकता एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किए जाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा बालश्रम से जुड़ा न रहे।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि चिन्हित एवं रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए विद्यालयों में प्रवेश दिलाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।
सहायक निदेशक ओम प्रकाश तोषणीवाल ने बताया कि जिला कलक्टर ने बालश्रम निषेध संकल्प फ्लेक्स पर हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की तथा सभी अधिकारियों एवं उपस्थितजनों ने भी बालश्रम उन्मूलन के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश कुमार धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) रामचन्द्र खटीक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, कोषाधिकारी दिग्विजय सिंह झाला, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, बाल वरिष्ठ लेखाधिकारी राघव शर्मा, अधीक्षक राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह चन्द्रप्रकाश जीनगर, नवीन, करण राहुल सिंह, नानूराम, केस वर्कर सीमा राजोरा, इरफान, आशीष रामगोपाल ओझा, राकेश व्यास सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News