चित्तौड़गढ़ 25 ग्राम एमडीएमए पाउडर के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

25 ग्राम एमडीएमए पाउडर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 24 जून। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत साडास थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली) पाउडर बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं निकटतम सुपरविजन में साडास थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

विश्वसनीय मुखबिर से प्राप्त सूचना, लगातार आसूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता के आधार पर संयुक्त टीम ने मंगलवार को सालरिया गांव के बाहर बस्सी-साडास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान लक्की उर्फ लोकेंद्र सिंह राजपूत निवासी तुमड़िया थाना साडास एवं फाजिल पुत्र अजीज मिरासी निवासी साडास हाल बस्सी थाना बस्सी के कब्जे से 25 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली) पाउडर प्लास्टिक थैली सहित बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ के स्रोत एवं इसकी आपूर्ति श्रृंखला के संबंध में अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

1. लक्की उर्फ लोकेंद्र सिंह राजपूत निवासी तुमड़िया, थाना साडास।


2. फाजिल पुत्र अजीज मिरासी निवासी साडास, हाल बस्सी थाना बस्सी।



कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

थाना साडास:
थानाधिकारी आजाद पटेल, कांस्टेबल रामलाल, लक्ष्मण, शंकरलाल, रोहिताश एवं निखिल।

विशेष टीम-1:
एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल रामावतार, सुनील कुमार, प्रहलाद कुमार, पदम कुमार, हरिराम, हेमराज, दुर्गेश, मनीष, रामनरेश एवं कमलेश।

विशेष टीम-2:
हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजदीप सिंह, विजय सिंह, दीपक कुमार, विक्रम एवं दुर्गाराम।

Post a Comment

Previous Post Next Post