पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना नई आबादी प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को प्राप्त विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत पर बने पक्के मकान में दबिश दी गई। जांच के दौरान वहां अवैध रूप से संचालित एमडी ड्रग निर्माण इकाई का खुलासा हुआ। मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, रासायनिक पदार्थ और ड्रग निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग तथा 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ जब्त किए। इसके अलावा ड्रग निर्माण में प्रयुक्त 2 स्टील के बड़े मटके, 3 स्टील के चम्मच, 1 स्टील का तपेला, 1 स्टील की तपेली, 1 सेन्ट्रीफ्यूगल मशीन, 1 इलेक्ट्रिक इंडक्शन, 1 इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, 1 प्लास्टिक ड्रम, 3 प्लास्टिक बाल्टियां, ड्रग सुखाने में प्रयुक्त हैलोजन लाइटें एवं अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
मौके से बरामद समस्त सामग्री को विधिवत जब्त कर थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 8/22/25/29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदाकत खान (41) पिता लियाकत खान निवासी अरोरा कॉलोनी, थाना वायडी नगर, मंदसौर तथा आरिफ (33) पिता न्याज मोहम्मद अजमेरी निवासी अरनिया निजामुद्दीन, थाना नई आबादी के रूप में हुई है। वहीं ताहिर पिता फकरुद्दीन अजमेरी निवासी बाजखेड़ी पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौर, थाना प्रभारी मल्हारगढ़ निरीक्षक अनिल रघुवंशी, थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, चौकी प्रभारी बूढ़ा उप निरीक्षक विकास गेहलोत, उप निरीक्षक विनय बुंदेला सहित वायडी नगर एवं नई आबादी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
मंदसौर पुलिस ने कहा है कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।